“आदेश त्यागी को स्वतंत्रता दिवस पर सम्मान, वर्दी का गौरव और बढ़ा”

SHARE:

सम्पादकीय

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जब पूरा देश तिरंगे में रंगा था, उसी दिन उत्तर प्रदेश पुलिस के निरीक्षक आदेश त्यागी को उत्कृष्ट साहसिक कार्यों के लिए गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया। यह सिर्फ एक पुरस्कार नहीं, बल्कि उस ईमानदार और जांबाज़ वर्दी की जीत है, जिसने अपने फर्ज़ को हर समझौते से ऊपर रखा। आदेश त्यागी का नाम सुनते ही अपराधियों के दिलों में खौफ और जनता के मन में भरोसा दोनों पैदा होते हैं।

साहस, निडरता और ईमानदारी—ये तीन शब्द उनके व्यक्तित्व की पहचान हैं। पुलिस बल में अक्सर चर्चा उन अफसरों की होती है जो मलाईदार पोस्टिंग और रसूख की राजनीति में उलझ जाते हैं, लेकिन आदेश त्यागी इस भीड़ से अलग खड़े नज़र आते हैं। उन्होंने जहां भी सेवा दी—सहारनपुर हो या मुजफ्फरनगर—अपनी कार्यशैली से एक अलग छाप छोड़ी। यही कारण है कि उन्हें “सिंघम” कहा जाता है।

उनकी सबसे बड़ी ताक़त है उनका बेबाक रवैया और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस। आदेश त्यागी ने यह साबित किया है कि वर्दी सिर्फ दिखावे की चीज़ नहीं है, बल्कि उसके पीछे एक जज़्बा और ज़िम्मेदारी छिपी होती है। उनकी कार्यशैली ने बड़े-बड़े आईपीएस अधिकारियों तक को प्रभावित किया है। टीम को हमेशा सकारात्मक ऊर्जा से भरना और सादा जीवन, उच्च विचार को जीवन में उतारना—यही उनकी पहचान है।

गोल्ड मेडल उनके साहसिक कार्यों की आधिकारिक मुहर है, लेकिन असली सम्मान यह है कि जनता उन्हें अपने बीच का प्रहरी मानती है। आदेश त्यागी जैसे अफसर ही पुलिस व्यवस्था की वह उम्मीद हैं, जो साबित करते हैं कि वर्दी अपराधियों का काल भी बन सकती है और आमजन के लिए भरोसे की ढाल भी।

ऐसे अफसरों का होना ही पुलिस विभाग की सबसे बड़ी पूंजी है। आदेश त्यागी निस्संदेह आज सिर्फ एक इंस्पेक्टर नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस के “सुपर कोप” हैं।

Khushi
Author: Khushi

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई