राष्ट्रीय नेतृत्व का बड़ा भरोसा, अजय कुमार बनाए गए राजस्थान भाजपा के संगठन महामंत्री

SHARE:

राष्ट्रीय नेतृत्व का बड़ा फैसला, अजय कुमार बनाए गए राजस्थान भाजपा के संगठन महामंत्री

देहरादून।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने उत्तराखंड भाजपा के संगठन महामंत्री अजय कुमार को बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए राजस्थान का संगठन महामंत्री नियुक्त किया है। इस निर्णय को भाजपा संगठन में उनके बढ़ते कद और संगठनात्मक क्षमता पर नेतृत्व के भरोसे के रूप में देखा जा रहा है।

अजय कुमार पिछले कई वर्षों से उत्तराखंड भाजपा संगठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। उनके कार्यकाल में संगठन ने लगातार मजबूती हासिल की और विभिन्न चुनावों में भाजपा ने उल्लेखनीय सफलता दर्ज की। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को पूर्ण बहुमत दिलाने में भी उनकी संगठनात्मक रणनीति और बूथ स्तर तक की मजबूत पकड़ को महत्वपूर्ण माना जाता है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अजय कुमार की सबसे बड़ी ताकत संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रही है। उत्तराखंड में नेतृत्व परिवर्तन के विभिन्न दौरों के बावजूद संगठन को एकजुट बनाए रखने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय रखने में उन्होंने अहम भूमिका निभाई।

हाल ही में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे के दौरान भी प्रदेश संगठन के प्रदर्शन की सराहना की गई थी। इसके बाद से ही राजनीतिक गलियारों में अजय कुमार को बड़ी जिम्मेदारी मिलने की चर्चाएं तेज हो गई थीं। अब राजस्थान जैसे बड़े और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य की जिम्मेदारी सौंपकर राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन अटकलों पर मुहर लगा दी है।

भाजपा संगठन में अजय कुमार की पहचान एक ऐसे रणनीतिकार के रूप में रही है जो विवादों से दूर रहकर परिणाम देने में विश्वास रखते हैं। संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और बूथ सशक्तिकरण जैसे अभियानों में उत्तराखंड का प्रदर्शन राष्ट्रीय स्तर पर सराहा जाता रहा है।

राजस्थान में आगामी राजनीतिक चुनौतियों और संगठनात्मक गतिविधियों को देखते हुए अजय कुमार की नियुक्ति को भाजपा का महत्वपूर्ण रणनीतिक फैसला माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं का मानना है कि जिस प्रकार उन्होंने उत्तराखंड में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया, उसी तरह राजस्थान में भी संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में सफल होंगे।

अजय कुमार की इस नियुक्ति को उत्तराखंड भाजपा के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है। देवभूमि में अपनी संगठन क्षमता का लोहा मनवाने के बाद अब उन्हें वीरभूमि राजस्थान में भाजपा संगठन को नई दिशा देने की जिम्मेदारी मिली है।

Khushi
Author: Khushi

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई