देहरादून। उत्तराखंड खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के अपर आयुक्त एवं ड्रग कंट्रोलर ताजबर सिंह जग्गी को उनके प्रभावी प्रशासनिक नेतृत्व, सख्त नियामकीय कार्रवाई और जनस्वास्थ्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर पर ‘बेस्ट ड्रग कंट्रोलर ऑफ इंडिया’ सम्मान से सम्मानित किया गया है। इस उपलब्धि को उत्तराखंड के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
ताजबर सिंह जग्गी के नेतृत्व में विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों और नकली दवाओं के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाए हैं। खाद्य प्रतिष्ठानों की नियमित जांच, संदिग्ध नमूनों की व्यापक सैंपलिंग, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन को प्राथमिकता दी गई है।
औषधि नियंत्रण व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए भी जग्गी ने प्रभावी रणनीति अपनाई। मेडिकल स्टोरों और दवा निर्माण इकाइयों के नियमित निरीक्षण, अवैध एवं नकली दवाओं की रोकथाम, लाइसेंस प्रणाली की कड़ी निगरानी और गुणवत्तापूर्ण दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में विभाग ने उल्लेखनीय कार्य किया है।
ताजबर सिंह जग्गी की पहचान एक सख्त, पारदर्शी और परिणामोन्मुख अधिकारी के रूप में बनी है। उन्होंने प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता अभियानों को भी गति दी, जिससे सुरक्षित खाद्य पदार्थों और गुणवत्तापूर्ण दवाओं के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ी।
‘बेस्ट ड्रग कंट्रोलर ऑफ इंडिया’ सम्मान को न केवल ताजबर सिंह जग्गी की व्यक्तिगत उपलब्धि, बल्कि उत्तराखंड खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की कार्यकुशलता और जनस्वास्थ्य के प्रति उसकी मजबूत प्रतिबद्धता का राष्ट्रीय सम्मान माना जा रहा है।
इस उपलब्धि पर लघु समाचारपत्र एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सुरेन्द्र अग्रवाल ने ताजबर सिंह जग्गी को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय है और उनकी कार्यशैली अन्य अधिकारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।








