
उत्तराखंड में आदि कैलाश मार्ग पर आ गिरे भारी भरकम बोल्डर, घंटों फंसे रहे सैकड़ों यात्री –
उत्तराखंड में बिन बारिश के दरक रहे पहाड़, पिथौरागढ़ में आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर गिरे बड़े-बड़े बोल्डर और पत्थर, सैकड़ों
पिथौरागढ़:उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर भारी भूस्खलन हुआ है. जहां ऐलागाढ़ के पास पहाड़ी से बड़े-बड़े बोल्डर और पत्थर आ गिरे. जिससे मार्ग यातायात बाधित हो गया है. फिलहाल, बीआरओ (BRO) की टीम मार्ग को खोलने में जुटी है. बताया जा रहा है कि काफी हद तक मार्ग को खोल लिया गया है.
जानकारी के मुताबिक, पिथौरागढ़ जिले में ऐलागाढ़ के पास आदि कैलाश यात्रा मार्ग पर अचानक पहाड़ी दरक गई. जिससे भारी भरकम बोल्डर सड़क पर आ गिरे और यातायात बाधित हो गया. सड़क बंद होने से सैकड़ों कैलाश यात्री और स्थानीय लोग फंस गए हैं. घटनास्थल पर सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी लाइन लगी हुई है.
बीआरओ यानी सीमा सड़क संगठन ने घटनास्थल पर एक टीम तैनात कर दी है, जो वर्तमान में पोकलैंड मशीन के जरिए मलबा हटाने और सड़क को खोलने का काम कर रही है. मार्ग बंद होने की वजह से कुछ यात्री जान जोखिम में डालकर भी जाते हुए दिखाई दे रहे हैं. फिलहाल, मार्ग को इतना खोल दिया गया है, जिससे गाड़ियों का आना-जाना धीरे-धीरे शुरू हो सके.








