
कोविड-19 के नए उपवेरिएंट JN.1 के बढ़ते मामलों के बीच योगी सरकार ने भी सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक उच्च स्तरीय बैठक कर राज्य में कोविड संक्रमण की स्थिति की समीक्षा की. मुख्यमंत्री ने बैठक में स्पष्ट किया कि भले ही वर्तमान में उत्तर प्रदेश में कोविड संक्रमण को लेकर कोई विशेष चिंता की बात नहीं है, लेकिन विदेशों में बढ़ते मामलों को देखते हुए पूरी सतर्कता और सावधानी बेहद आवश्यक है.
कोरोना का नया वेरिएंट जेएन.1 देश और दुनिया के लिए चिंता का सबब बना हुआ है। केरल में मामले मिलने के बाद उत्तराखंड का स्वास्थ्य महकमा भी इसे लेकर सतर्क हो गया है। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना का नया वेरिएंट जेएन.1 से बचाव व रोकथाम के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं।स्वास्थ्य सचिव डा. आर राजेश कुमार ने सभी जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को सर्विलांस बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारी और तीव्र श्वसन संक्रमण के रोगियों की निगरानी और रिपोर्टिंग के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा है कि इन रोगियों की कोविड-19 एवं इन्फ्लुएंजा जांच की जाएं। साथ ही रोगियों का विवरण अनिवार्य रूप से आइडीएसपी के अंतर्गत इंटीग्रेटेड हेल्थ इंफॉर्मेशन प्लेटफार्म (आइएचआइपी) पोर्टल में दर्ज किया जाए।








