
देहरादून में प्रशासन अब सिर्फ फाइलों पर हस्ताक्षर करने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि अब उसकी कलम में धार भी है और इरादों में तेज़ी भी। ज़िला मजिस्ट्रेट सविन बंसल ने जिस तरह से दो शातिर अपराधियों को गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत जिलाबदर किया है, वह न सिर्फ कानून के प्रति उनकी सख्ती को दर्शाता है, बल्कि यह भी बताता है कि देहरादून में अब ग़लत हरकतों के लिए कोई जगह नहीं बची।
यह कोई रुटीन कार्रवाई नहीं थी, ये सीधा संदेश था — “संविधान का अनुशासन और कानून की लाठी अब खामोश नहीं रहेगी।”
एक ओर हैं मौहम्मद रजा उर्फ भूरा, जिनकी कारगुजारियों की लिस्ट इतनी लंबी है कि कोई भी थाना डायरी भी थक जाए। कभी डॉक्टरों पर हमला, कभी सरकारी अस्पताल में हंगामा, और बाकी समय समाज में डर फैलाने का काम। दूसरी ओर सुनील यादव उर्फ सन्नी उर्फ चक्की, जिनकी विशेष योग्यता लूटपाट और अवैध हथियार रखने की है। इन दोनों के करतब पढ़कर साफ लगता है कि ये लोग किसी कोर्टरूम की जगह Netflix सीरीज़ के विलेन ज्यादा लगते हैं।
लेकिन कहानी का असली हीरो प्रशासन है। वो प्रशासन जो अब सिर्फ चेतावनी नहीं देता, कार्रवाई करता है। डीएम सविन बंसल ने कानून की किताब से वो पन्ना फाड़ कर सामने रखा है जिसमें लिखा है कि अगर आप समाज के लिए ख़तरा हैं, तो आपको देहरादून की सीमा से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा — और वह भी सिर्फ 6 महीने की छुट्टी नहीं, सख्त शर्तों के साथ।
यहां तंज भी बनता है — जो कल तक खुद को ‘स्थानीय दबंग’ समझते थे, आज उन्हें अपना “स्थायी पता” तक प्रशासन को बताना पड़ रहा है। यही बदलाव की बयार है, जब अपराधी फरार नहीं होते, बल्कि औपचारिक रूप से निष्कासित किए जाते हैं।
और यही कार्यशैली डीएम सविन बंसल को बाकियों से अलग बनाती है। उनके फैसले कागज़ी नहीं, नजीर बनते जा रहे हैं। ज़िले की सीमाओं को महज़ नक्शे की लकीर नहीं, अब मर्यादा की रेखा समझा जा रहा है।
जनता को अब भरोसा है कि जब डीएम की कलम चलती है तो अपराधियों की नींद उड़ जाती है। कानून सिर्फ किताब में नहीं, अब मैदान में दिखता है — और उस मैदान में सविन बंसल जैसे अधिकारी रेफरी नहीं, गेम चेंजर हैं।








