
चकराता: मोहना गांव में ‘आदि सेवा केंद्र’ का शुभारंभ, ग्रामीणों को स्वरोजगार के लिए किया गया प्रोत्साहित
देहरादून, 26 सितंबर 2025
जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना “आदि कर्मयोगी अभियान” के तहत देहरादून जनपद के 5 विकासखण्डों के 81 गांवों को चयनित किया गया है। इसी क्रम में चकराता के मोहना गांव में शुक्रवार को ‘‘आदि सेवा केंद्र’’ का उद्घाटन किया गया।
उद्घाटन का कार्य मंत्रालय के अनुभाग अधिकारी रवि शेखर ने किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि पलायन रोकने के लिए कृषि और होम-स्टे आधारित योजनाओं को अपनाना होगा। उन्होंने ग्रामीणों को स्वरोजगार को बढ़ावा देने और गांव में ही आजीविका के नए अवसर बनाने की दिशा में प्रेरित किया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान मनीषा, डिस्ट्रिक्ट मास्टर ट्रेनर (आदि कर्मयोगी अभियान) अनिल कुमार, ब्लॉक मास्टर ट्रेनर खजान सिंह समेत क्षेत्रीय कार्मिक मौजूद रहे। ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भागीदारी करते हुए अभियान को समर्थन दिया।
विश्लेषण
यह पहल उत्तराखंड के संवेदनशील और पलायन-प्रभावित क्षेत्रों के लिए बेहद अहम है। “आदि सेवा केंद्र” न केवल सरकारी योजनाओं को गांव तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा बल्कि स्थानीय स्तर पर कृषि, पर्यटन और स्वरोजगार के नए रास्ते खोल सकता है। यदि ग्रामीण होम-स्टे और परंपरागत कृषि उत्पादों पर फोकस करते हैं तो इससे पलायन की बड़ी समस्या को नियंत्रित किया जा सकता है।








