छपार टोल हत्याकांड: प्रदेश अध्यक्ष गौरव त्यागी का बड़ा बयान—“न्याय न मिला तो सड़क से सदन तक होगा आंदोलन”

SHARE:

छपार टोल प्लाजा पर मैनेजर अरविंद पांडे की नृशंस हत्या के विरोध में चल रहे धरना प्रदर्शन को आज एक और बड़ी मजबूती मिली, जब राष्ट्रीय त्यागी युवा महासंघ उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष गौरव त्यागी ने बड़ा बयान देते हुए साफ कहा—“यह लड़ाई अब सिर्फ अरविंद पांडे के परिवार की नहीं, बल्कि पूरे समाज की लड़ाई है। अगर दोषियों को सख़्त सज़ा नहीं मिली तो हम सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेंगे।”

गौरव त्यागी का यह बयान सिर्फ समर्थन भर नहीं, बल्कि सत्ता और प्रशासन पर सीधा दबाव है। उन्होंने मांगेराम त्यागी को पूर्ण समर्थन देने के साथ संकल्प लिया कि महासंघ कंधे से कंधा मिलाकर न्याय की इस लड़ाई में डटा रहेगा। युवाओं की यह हुंकार बताती है कि अब यह मामला दबाने या रफा-दफा करने की कोशिश करने वालों के गले की हड्डी बन चुका है।

तंज यह है कि जिन रसूखदारों के गांव से हत्या के आरोपी टोल कर्मचारी बताए जा रहे हैं, वही आज समाज के बुजुर्गों की बैठकों में “समझौते” का राग अलाप रहे हैं। लेकिन शायद वे भूल रहे हैं कि आज का युवा समझौते की भाषा नहीं, न्याय की भाषा बोलता है। यही कारण है कि उनकी बेचैनी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है।

गौरव त्यागी का दो-टूक बयान इस पूरी लड़ाई को नया तेवर देता है। उन्होंने साफ कर दिया कि अगर प्रशासन बहरे कानों से सुनता रहा तो न्याय की यह आग और भड़क उठेगी। मांगेराम त्यागी पहले ही कह चुके हैं कि “अगर आवाज उठाना गुनाह है तो मैं यह गुनाह करके रहूंगा।” अब जब यह गूंज महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष से लेकर देशभर के युवाओं तक पहुंच चुकी है, तो सवाल यही है कि क्या सत्ता-प्रभाव की ढाल इस बार भी सच को ढक पाएगी, या फिर युवाओं की हुंकार से ढाल चकनाचूर हो जाएगी?

Khushi
Author: Khushi

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई