
चारधाम यात्रा की रफ्तार इस बार आस्था से कहीं आगे बढ़ चुकी है—यह उत्तराखंड की नियति को बदलने का अभियान बन गई है। 2 मई को बाबा केदारनाथ के कपाट खुलने जा रहे हैं और उससे पहले ही देश-विदेश से रिकॉर्ड तोड़ श्रद्धालुओं का सैलाब चारधाम की ओर उमड़ रहा है। यह सब यूं ही नहीं हो रहा, इसके पीछे एक ऐसा नाम है, जिसने न केवल पहाड़ों की नब्ज पहचानी बल्कि उसे संजीवनी भी दी—मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
धामी कोई ‘रुटीन’ मुख्यमंत्री नहीं हैं। उन्होंने चारधाम यात्रा को एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, व्यक्तिगत संकल्प की तरह लिया। वो खुद हर व्यवस्था की निगरानी करते हैं—चाहे वह केदारनाथ में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता हो, बद्रीनाथ में मास्टर प्लान का क्रियान्वयन, या फिर यमुनोत्री-गंगोत्री तक हेलिपैड और सड़क निर्माण का काम। धामी न केवल पहाड़ के बेटे हैं, बल्कि एक ऐसे जननायक बन चुके हैं, जिनकी सोच में पहाड़ की ऊंचाई और संकल्प में हिमालय की कठोरता है।
पहले चारधाम यात्रा का नाम सुनते ही लोगों के मन में असुविधा, अव्यवस्था और खतरे की छवि बनती थी। लेकिन आज, बायोमेट्रिक पंजीकरण से लेकर यात्रा ट्रैकिंग सिस्टम, कंट्रोल रूम, महिला सुरक्षा, एंबुलेंस सेवा और ऑक्सीजन सेंटर तक—हर व्यवस्था धामी सरकार की प्राथमिकता में है। श्रद्धालु सिर्फ दर्शन नहीं कर रहे, वो इस व्यवस्था को देख कर दंग हैं कि “क्या वाकई ये उत्तराखंड है?”
केदारनाथ मंदिर को 108 क्विंटल फूलों से सजाया गया—ये सजावट सिर्फ धार्मिक उत्सव नहीं, उत्तराखंड की ‘नई तस्वीर’ की झलक है। धामी ने साफ किया है—श्रद्धालु देवता हैं, और राज्य का कर्तव्य है उन्हें हर संभव सुविधा देना। यही सोच है जो उत्तराखंड को बाकी पहाड़ी राज्यों से अलग बनाती है।
पर्यटन के आंकड़े गवाह हैं कि अब उत्तराखंड केवल “देवभूमि” नहीं, “विकासभूमि” भी बन चुकी है। लाखों श्रद्धालु हर सीजन में यहां पहुंच रहे हैं। होटल, होमस्टे, टैक्सी, स्थानीय उत्पाद, सबका व्यवसाय बढ़ा है। इससे युवाओं को रोजगार मिला है और महिलाओं को स्वावलंबन।
धामी की सबसे बड़ी ताक़त है—उनका मौन परिश्रम और संकल्पित नेतृत्व। जहां बाकी नेता भाषणों में व्यस्त रहते हैं, वहां धामी काम के ज़रिए बोलते हैं। बिना शोर-शराबे के, उन्होंने चारधाम यात्रा को भारत के सबसे सफल धार्मिक आयोजनों में शामिल कर दिया है।
यही वजह है कि आज जब बाबा केदार के द्वार खुलते हैं, तो वो सिर्फ मंदिर के द्वार नहीं होते—वो उत्तराखंड के भाग्य के द्वार होते हैं। और इन द्वारों को खुला रखने वाला पहरेदार है—पुष्कर सिंह धामी।
चारधाम यात्रा की सफलता अगर एक चेहरे में सिमटी हो, तो वो चेहरा है धामी का—वो नेता जो देवभूमि को सिर्फ वोट की ज़मीन नहीं, संस्कार और स्वाभिमान की भूमि मानता है।








