
केदार घाटी में श्रद्धा का सागर, बाबा केदार की पंचमुखी डोली के स्वागत में गूंज उठी देवभूमि

श्री केदारनाथ धाम में पहुंची पंचमुखी उत्सव डोली, चारधाम यात्रा के लिए पूरी तरह तैयार है उत्तराखंड — व्यवस्थाएं अनुकरणीय, श्रद्धालु भावविभोर।
केदारनाथ। देवभूमि की पवित्र घाटी इस समय आस्था, भक्ति और दिव्यता से सराबोर है। गुरुवार को भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली जब श्री केदारनाथ धाम पहुंची, तो पूरी घाटी ‘जय बाबा केदार’ के नारों से गूंज उठी। हजारों श्रद्धालुओं ने आशीर्वाद लिया और इस अलौकिक दृश्य को अपनी आंखों में समेट लिया। शुक्रवार को प्रातः बाबा केदारनाथ के कपाट विधिवत रूप से खुलेंगे, जिससे पहले घाटी में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, श्रद्धा और संयम का अद्भुत उदाहरण बन चुकी है।

केदारनाथ की मनोरम घाटी, बर्फ से ढकी हिम शिखरें, सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य ने हर यात्री को भावविभोर कर दिया। श्रद्धालुओं की आंखों में श्रद्धा के साथ-साथ राज्य सरकार की व्यवस्थाओं के प्रति संतोष और धन्यवाद भी साफ देखा गया।
श्रद्धालु बोले— व्यवस्थाएं अभूतपूर्व, सरकार का दृष्टिकोण सराहनीय
बैंगलोर से पहली बार आए सनी कुमार ने कहा, “पूरे ट्रैक में सफाई, चिकित्सा सहायता, पीने का पानी, और भीड़ प्रबंधन — सब कुछ योजनाबद्ध है। राज्य सरकार की गंभीरता हर पड़ाव पर महसूस होती है।”

मथुरा के शुभम बोले, “यात्रा मार्ग पर हर आवश्यकता का ध्यान रखा गया है। पानी, सुरक्षा, शौचालय— सभी बिंदुओं पर व्यवस्था संतुलित है।”
उत्तर प्रदेश के श्री विकास, जो पिछले 4 वर्षों से लगातार बाबा केदार के दर्शन कर रहे हैं, ने इस वर्ष की व्यवस्थाओं को ‘अब तक की सर्वश्रेष्ठ’ बताया। उन्होंने कहा, “इस बार न केवल मार्ग बेहतर हैं, बल्कि भंडारों की व्यवस्था और साफ-सफाई भी अनुकरणीय है।”

नोएडा के मुकेश कुमार ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “घाटी की सुंदरता अद्भुत है, और सुरक्षा प्रबंधन इतना मजबूत है कि भय का कोई स्थान नहीं बचता।”
महाराष्ट्र के अमूल पुनम ने भावुक होकर कहा, “सरकार ने हर पड़ाव पर पीने का पानी, साफ शौचालय और सहायक कर्मियों की मौजूदगी सुनिश्चित की है। यहां के लोगों का व्यवहार भी दिल जीत लेता है।”
स्थानीयों की राय— धामी सरकार में विकास को मिली रफ्तार
स्थानीय व्यापारी श्री सचिन, जो पिछले 8 वर्षों से केदारनाथ में हैं, ने कहा, “इस वर्ष बिजली, पानी, सड़कें, और सुविधाएं हर स्तर पर उन्नत हुई हैं। मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में केदारनाथ के पुनर्निर्माण को नई दिशा मिली है।”
राजस्थान के दिलकुश जी, जो दस दिन से केदारधाम में हैं, ने कहा, “सड़कों की स्थिति अब बहुत बेहतर हो गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए जिस रफ्तार से कार्य हो रहा है, वह अन्य राज्यों के लिए एक उदाहरण बन सकता है।”
केदारनाथ बन रहा है एक आदर्श तीर्थ स्थल
श्रद्धालुओं की भावनाएं, स्थानीयों की संतुष्टि और सरकार की सक्रियता यह साबित करती है कि केदारनाथ अब केवल एक तीर्थ स्थल नहीं, बल्कि सुव्यवस्थित, सुरक्षित और आत्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत आध्यात्मिक धाम बन चुका है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देवभूमि उत्तराखंड चारधाम यात्रा को वैश्विक मानकों पर लाने की दिशा में दृढ़ता से अग्रसर है।








