
देहरादून और मसूरी जैसे पर्यटन स्थलों पर वीकेंड आते ही शहर मानो सांस रोककर खड़ा हो जाता है—गाड़ियाँ रेंगती हैं, हॉर्न का शोर बेहिसाब होता है और लोगों की झुंझलाहट आसमान पर होती है। लेकिन इस बार कुछ बदला। भीड़ वही थी, गाड़ियाँ उतनी ही, लेकिन हालात पहले जैसे नहीं थे। क्योंकि इस बार मैदान में था एक ऐसा कप्तान, जो भीड़ को बहाना नहीं बनाता—उसे मैनेज करता है। नाम है अजय सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून।
जब ज़्यादातर अफसर फाइलों में योजना बना कर फोटो खिंचवाकर इतिश्री कर लेते हैं, अजय सिंह ने ‘मैदान’ को ही मीटिंग रूम बना दिया। वीकेंड ट्रैफिक प्लान केवल एक कागज़ी दस्तावेज़ नहीं रहा, बल्कि जमीन पर उतरती एक सोची-समझी रणनीति बना। ड्रोन से निगरानी, मोबाइल यूनिट की एक्टिव पेट्रोलिंग, पुलिस मुख्यालय से लेकर रेंज ऑफिस तक का समन्वय, और सबसे अहम – यातायात की पूर्व-निर्धारित डायवर्जन नीति, जिसने एक-एक मोड़ पर फ्लो को नियंत्रित किया।
दून पुलिस का ये अभियान कोई इवेंट मैनेजमेंट नहीं था, ये क्राइसिस मैनेजमेंट का एक क्लासिक उदाहरण था। ट्रैफिक जाम को भगवान भरोसे छोड़ देने वाली मानसिकता से बाहर निकलकर यह दिखा दिया गया कि सिस्टम चाहे तो सब कुछ संभव है। सिर्फ ट्रैफिक ही नहीं संभाला गया, बल्कि जनता का विश्वास भी जीता गया।
आम जनता ने पहली बार देखा कि ट्रैफिक पुलिस सिर्फ चालान काटने वाली फोर्स नहीं, बल्कि उनके सफर को सहज बनाने वाला साथी भी हो सकती है। मसूरी से देहरादून और देहरादून से मसूरी के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित करना, जाम के संभावित पॉइंट्स पर विशेष बल की तैनाती, और वीवीआईपी मूवमेंट के मद्देनज़र पहले से ही निर्माण एजेंसियों से वार्ता—ये सब अजय सिंह की नेतृत्व क्षमता और दूरदर्शिता के प्रमाण हैं।
अक्सर कहा जाता है कि “व्यवस्था तभी चलती है जब नेतृत्व ज़मीन से जुड़ा हो।” इस बार यह कथन किसी किताब में नहीं, दून की सड़कों पर सजीव दिखा। अजय सिंह ने साबित किया कि अफसरशाही का मतलब कुर्सी पर बैठकर आदेश देना नहीं, बल्कि समस्या को पहचानकर, उसे हल करने के लिए पसीना बहाना भी है।
आज जब देशभर में ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण को लेकर पुलिस तंत्र की आलोचना होती है, ऐसे समय में देहरादून से यह आवाज़ आना कि “पुलिस ने आज राहत दी”—यह किसी उपलब्धि से कम नहीं।
सवाल अब यह नहीं है कि क्या किया गया, सवाल यह है कि बाकी शहर कब सीखेंगे? क्योंकि सिस्टम वही रहता है, फर्क केवल नियत और लीडर का होता है। और देहरादून को इस वीकेंड एक ऐसा लीडर मिला, जिसने ट्रैफिक को नहीं, नज़रिया बदल दिया।








