
फेसबुक पर खुलेआम जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। बजरंग दल से जुड़े हिंदुत्व कार्यकर्ता कपिल त्यागी (फेसबुक पर पहचान: बजरंगी कपिल हिन्दू) को सोशल मीडिया के माध्यम से यह कहकर धमकी दी गई कि “जिस तरह विनय त्यागी को गोली मारी गई, उसी तरह तुम्हें भी गोली मारी जाएगी।”
यह धमकी न सिर्फ एक व्यक्ति को डराने का प्रयास है, बल्कि कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती भी है। कपिल त्यागी ने सार्वजनिक रूप से उत्तराखंड पुलिस प्रशासन से अपील करते हुए कहा है कि वह बजरंग दल से जुड़कर लगातार हिंदुत्व के कार्यों के लिए घर से बाहर रहते हैं, ऐसे में इस प्रकार की धमकी उनकी जान को वास्तविक खतरे की ओर संकेत करती है।
कपिल त्यागी ने स्पष्ट रूप से मांग की है कि इस धमकी देने वाले व्यक्ति की तत्काल पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जाए और उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए, ताकि भविष्य में कोई भी असामाजिक तत्व इस तरह की धमकी देने का दुस्साहस न कर सके।
मामले की गंभीरता इस बात से और बढ़ जाती है कि धमकी में हालिया आपराधिक घटना का हवाला देते हुए गोली मारने की बात कही गई है, जो सीधा आपराधिक इरादा दर्शाती है। यह केवल ऑनलाइन ट्रोलिंग नहीं, बल्कि आपराधिक मानसिकता का स्पष्ट संकेत है।
उत्तराखंड पुलिस प्रशासन से अपेक्षा है कि वह इस पूरे प्रकरण को हल्के में न लेते हुए साइबर सेल के माध्यम से आरोपी तक जल्द से जल्द पहुंचे, आईपी एड्रेस, सोशल मीडिया अकाउंट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई करे।
कपिल त्यागी ने समस्त हिंदू समाज और हिंदू संगठनों से भी अपील की है कि वे इस मामले पर गंभीर विचार करें और ऐसे मामलों में एकजुट होकर आवाज उठाएं, ताकि समाज में डर का माहौल पैदा करने वालों को करारा जवाब मिल सके।
अब सवाल यह नहीं है कि धमकी किसे दी गई, सवाल यह है कि क्या कानून ऐसे तत्वों तक समय रहते पहुंचेगा? उत्तराखंड पुलिस के लिए यह एक परीक्षा की घड़ी है।








