अपराध की सत्ता क्षणिक है, अंत तय है, माफिया और गैंगस्टर की कहानी हमेशा अकाल मौत पर खत्म होती है

SHARE:

माफिया हो या गैंगस्टर, उसका अंत तय होता है—बस तारीख अलग-अलग होती है। अपराध की दुनिया में उम्र लंबी नहीं होती, यह इतिहास बार-बार साबित करता रहा है। जिसने भी कानून, समाज और इंसानियत को चुनौती दी, उसने अंततः वही पाया जो इस रास्ते की स्थायी पहचान है—अकाल मृत्यु, अपमान और अधूरा अंत।
श्रीप्रकाश शुक्ल से लेकर मुन्ना बजरंगी, विक्की त्यागी, मुख्तार अंसारी, अशरफ, अतीक अहमद और अब विनय त्यागी—नाम अलग-अलग हैं, लेकिन कहानी एक ही है। शुरुआती दौर में खौफ, भौकाल, सत्ता से नजदीकी, धन-दौलत, जमीनें, बंगले और खुद को अजेय मानने का भ्रम। कुछ समय तक ऐसा लगता है मानो कानून भी इनके सामने बौना हो गया हो, लेकिन यही भ्रम इनके पतन की नींव बनता है।
अतीक अहमद और विनय त्यागी की कहानी तो लगभग आईने की तरह एक-दूसरे से मिलती है। दर्जनों मुकदमे, खुलेआम अपराध, राजनीतिक संरक्षण और समाज में डर का साम्राज्य। लेकिन अंत देखिए—अतीक अहमद और उसका भाई अशरफ पुलिस कस्टडी में कैमरों के सामने गोलियों से छलनी कर दिए गए। वहीं गैंगस्टर विनय त्यागी कोर्ट में पेशी के दौरान पुलिस वैन में हमले का शिकार हुआ और कुछ ही दिनों में उसकी भी कहानी खत्म हो गई। सत्ता, पैसा और पहुंच—कुछ भी काम नहीं आया।
यह सिर्फ संयोग नहीं है, यह अपराध की प्रकृति है। अपराध अपने साथ मौत को लेकर चलता है—कभी पुलिस के जरिए, कभी प्रतिद्वंद्वी अपराधियों के हाथों, तो कभी बीमारी और जेल की सड़ांध में घुट-घुट कर। जो खुद दूसरों के लिए खौफ बनता है, उसका अंत अक्सर उससे भी ज्यादा भयावह होता है।
यह घटनाएं किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए चेतावनी हैं। अपराध का रास्ता तात्कालिक चमक जरूर देता है, लेकिन भविष्य पूरी तरह अंधकारमय होता है। न सम्मान बचता है, न परिवार, न विरासत—बस एक डरावनी याद रह जाती है।
इसलिए सबक साफ है—अपराध से तौबा ही समझदारी है। सभ्यता, कानून और मेहनत का रास्ता ही स्थायी है। वरना अंजाम वही होता है जो हर दौर के माफिया-गुंडों ने देखा है—समय से पहले, तन्हा और बेनाम अंत।

Khushi
Author: Khushi

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई